गोपालगंज, निज संवाददाता : जिले में बिहार दिवस धूमधाम से मनाने की रूपरेखा तैयार हो गयी है। इस दिन जहां एक हजार बच्चे प्रभातफेरी निकाल कर बिहार के गौरव का अलख जगाएंगे। वहीं 99 दीप जलाकर सुखद स्मृति को रोशन किया जाएगा। इसके साथ ही ढेर सारे कार्यक्रम आयोजित कर 100 साल बिहारी अस्मिता का महापर्व मनाया जाएगा।सोमवार को इसी सिलसिले में अपर समाहर्ता विजय प्रतापसिंह की अध्यक्षता में पदाधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें बिहार दिवस के आयोजन की तैयारी की समीक्षा की गयी। समीक्षा के दौरान दिन भर के कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गयी। जिसके अनुसार प्रात: प्रभातफेरी में विभिन्न विद्यालयों के एक हजार बच्चे भाग लेंगे। 22 मार्च को प्रत्येक गांव में श्रमदान से साफ-सफाई करायी जायेगी एवं 99 दीपक जलाकर बिहार दिवस मनाया जायेगा। इसके साथ ही सभी प्राथमिक विद्यालय, मध्य विद्यालय एवं उच्च विद्यालय में साफ-सफाई करायी जायेगी और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बिहार दिवस का मुख्य महोत्सव मिंज स्टेडियम में होगा। जहां जिला स्तर पर बिहार दिवस कार्यक्रम का आयोजन दस बजे पूर्वाह्न से प्रारंभ हो जायेगा। दीप प्रज्वलन के बाद बंदे मारतम गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया जायेगा। बिहार गीत, मै बिहार हूं एवं साक्षरता गीत की प्रस्तुति भी की जाएगी। इसके साथ ही महिला कबड्डी का सेमी फाइनल एवं फाइनल मैच का आयोजन किया जायेगा। उद्घाटन के दौरान मिंज स्टेडियम में गुब्बारा उड़ाया जाएगा। दिन भर सांस्कृतिक कार्यक्रम जिसमें चैती, लोक गीत इत्यादि भाषण प्रतियोगिता का प्रदर्शन होगा। इस मौके पर लगने वाले मेले में लगभग 60 स्टाल लगाये जाएंगे, जिसमें कृषि, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों का स्टाल लगेगा। जिलेवासियों के सहयोग से हर घर पर दीप जलाए जाएंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रम में परम्परागत नृत्य एवं गीत की झलक प्रस्तुत की जायेगी।
RSS Feed
Tuesday, March 15, 2011 |



0 comments:
Post a Comment